सेवा संकल्प अभियान: पोस्टर प्रतियोगिता:
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति तथा स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से दिनांक 6 अक्टूबर 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला महाविद्यालय, अलीगंज में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर शालिनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में प्रोफेसर राजीव यादव एवं डॉ. मीनाक्षी शुक्ला द्वारा कराया गया।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टर के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव, धूम्रपान, तंबाकू एवं मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया। साथ ही स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत, स्वच्छ नगर, प्लास्टिक का बहिष्कार, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
छात्राओं के पोस्टर में कला के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का सुंदर समन्वय दिखाई दिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और नशामुक्त समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ तथा छात्राओं की रचनात्मकता एवं उत्साह सराहनीय रहा। प्रतियोगिता में नशा मुक्ति एवं स्वच्छता अभियान के अंतर्गत कुल 11 छात्राओं ने पोस्टर प्रस्तुत किया । नशा मुक्ति पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान अनुभूति पांडे एमएससी प्रथम सेमेस्टर, द्वितीय स्थान महिमा सिंह बीएससी प्रथम सेमेस्टर, तृतीय स्थान काजल गुप्ता बीए प्रथम सेमेस्टर ने प्राप्त किया । स्वच्छता अभियान पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान माही यादव बीएससी प्रथम सेमेस्टर, द्वितीय स्थान हर्षिता वर्मा बी ए पंचम सेमेस्टर,तृतीय स्थान खुशबू बी ए पंचम सेमेस्टर ने प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ छात्राओं को सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया गया।Uploaded on: 10/6/2026 4:11:41 PM